क्षेत्रीय
27-May-2026


अंबरनाथ, (ईएमएस)। अंबरनाथ शहर में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए अंबरनाथ नगरपरिषद में पूर्णकालिक मुख्याधिकारी नियुक्त किए जाने की मांग भाजपा नगरसेवकों ने नगराध्यक्ष से की है। भाजपा गटनेता अभिजीत करंजुले के नेतृत्व में भाजपा नगरसेवकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगराध्यक्ष तेजश्री करंजुले से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। नगरसेवकों ने आरोप लगाया कि शहर में ड्रेनेज ओवरफ्लो, कचरे की समस्या, जाम नाले, सड़कों पर गड्ढे, बढ़ते अतिक्रमण, फेरीवालों की समस्या और ट्रैफिक जाम के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की व्यवस्था होने के बावजूद मुख्याधिकारी समय पर नगरपरिषद कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते। नगरसेवकों ने यह भी नाराजगी जताई कि नगरपरिषद में चल रहे विकास कार्यों की मंजूरी, संबंधित ठेकेदारों और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जनप्रतिनिधियों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी जा रही है। इसके कारण नागरिकों के सवालों का संतोषजनक जवाब देना मुश्किल हो रहा है। भाजपा गटनेता अभिजीत करंजुले ने कहा कि मुख्याधिकारी उमाकांत गायकवाड की नियमित अनुपस्थिति से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 12 मार्च को मंजूर किए गए विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हुई है। साथ ही नालों की सफाई, सड़कों के पैचवर्क और मानसून पूर्व आवश्यक कार्यों में भी देरी हो रही है। भाजपा नगरसेवकों ने मांग की है कि शहरहित और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल पूर्णकालिक मुख्याधिकारी की नियुक्ति की जाए और प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही नगराध्यक्ष से इस मुद्दे पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा भी व्यक्त की गई है। संतोष झा- २७ मई/२०२६/ईएमएस