क्षेत्रीय
27-May-2026


उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर के कैंप-5 स्थित कैलाश कॉलोनी इलाके में बीते गुरुवार शाम हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस खूनी वारदात में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार इस गोलीबारी में अनिल हरकेश चौहान और अमन हरकेश चौहान नामक दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अर्जुन सूरजबली चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला पुराने विवाद और आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ है। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि पहले से चली आ रही दुश्मनी के कारण ही गोलीबारी की घटना हुई। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने पहले चरण में शेखर बिराजदार, अजय राव, अजीत शेख और सागर पाटिल को गिरफ्तार किया। इसके बाद 26 मई को पुलिस ने बदरुद्दीन खान, अमन मनोहर चौहान, कल्पेश सुनील म्हात्रे और प्रणय सचिन निकम को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सबूत और पूछताछ से मिली जानकारी अहम साबित हुई। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। डबल मर्डर की घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में किस आरोपी की क्या भूमिका थी। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच जारी है और जल्द ही कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। संतोष झा- २७ मई/२०२६/ईएमएस