क्षेत्रीय
27-May-2026


उल्हासनगर, (ईएमएस)। एक किराना दुकान में छापा मारकर उल्हासनगर की मध्यवर्ती पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा बरामद कर किराना दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के आदेशों के तहत की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेतन रामदास वेताल (33), निवासी रोमा किराणा दुकान, कल्याण-अंबरनाथ रोड, साईंबाबा मंदिर के पास, उल्हासनगर-3, के यहां मध्यवर्ती पुलिस ने छापा मारा। जांच के दौरान दुकान में सुगंधित पान मसाला, सुगंधित तंबाकू तथा अन्य प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ बिक्री के लिए रखे पाए गए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग 15,994 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार और अन्न सुरक्षा आयुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य में गुटखा, सुगंधित तंबाकू और ऐसे अन्य उत्पादों की बिक्री, भंडारण और वितरण पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद आरोपी द्वारा इन पदार्थों का अवैध रूप से व्यापार किया जा रहा था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ अन्न सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि प्रतिबंधित माल कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ तो नहीं है। संतोष झा- २७ मई/२०२६/ईएमएस