राज्य
27-May-2026


हाथरस (ईएमएस)। निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मूक पशु सेवा के 1500 दिन पूर्ण होने पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष गौसेवा अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्थान के सदस्यों ने गायों को खरबूजा एवं हरा चारा वितरित कर सेवा कार्य किया।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सामूहिक रूप से खरबूजों के संग्रहण से हुई। इसके बाद संस्थान की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया, जहां बेसहारा एवं घूमने वाली गायों को प्रेमपूर्वक खरबूजा खिलाया गया। साथ ही लोगों को मूक पशुओं के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश भी दिया गया।संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि पिछले 1500 दिनों से लगातार मूक पशुओं की सेवा का कार्य बिना किसी रुकावट के जारी है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, सर्दी और बारिश के बावजूद संस्था के सदस्य समर्पित भाव से गौसेवा और पशु सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा जैसे पावन पर्व पर आयोजित यह सेवा अभियान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि भारतीय संस्कृति में गौसेवा को पुण्य और मानवता का प्रतीक माना गया है।संस्थान के मूक पशु इंचार्ज एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि मूक पशु अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर सकते, इसलिए समाज का कर्तव्य है कि उनकी देखभाल एवं भोजन की व्यवस्था में सहयोग करे। संस्था का उद्देश्य केवल पशुओं को भोजन कराना ही नहीं, बल्कि समाज में करुणा, सेवा एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना भी है। विशेष गौसेवा अभियान में अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष/मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, डॉ. रंगेश शर्मा, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, यश वार्ष्णेय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 27 मई 2026