राज्य
27-May-2026
...


:: महापौर और आयुक्त के कड़े निर्देश- गुणवत्ता से समझौता नहीं, यातायात को बिना बाधित किए रात में भी जारी रहेगा काम :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान शहरवासियों को जर्जर सड़कों और गड्ढों की समस्या से न जूझना पड़े, इसके लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार, शहर की प्रमुख और सबसे व्यस्ततम सड़कों पर 10 जून से पहले विशेष पैचवर्क अभियान चलाकर उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। निगम प्रशासन ने मैदानी अधिकारियों को साफ कर दिया है कि सड़क सुधार का यह काम उच्च गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के तहत नगर निगम की टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में युद्ध स्तर पर डामरीकरण और पैचवर्क के काम में जुट गई हैं। शुरुआती चरण में एम.आर.-10 रोड, राजकुमार ब्रिज, स्टार चौराहा से रेडिसन चौराहा मार्ग, पल्लहर नगर 60 फीट रोड, धार रोड तथा रिंग रोड के विभिन्न प्रभावित हिस्सों में पैचवर्क का कार्य तेजी से पूरा किया गया। इसके बाद भी अभियान थमा नहीं है और राजकुमार ब्रिज, रेडिसन से स्टार चौराहा मार्ग, रिंग रोड, एम.आर.-10 रोड और कालानी नगर मुख्य मार्ग सहित शहर के कई अन्य महत्वपूर्ण रास्तों पर पैचवर्क का काम लगातार जारी है। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मैदानी अधिकारियों और ठेकेदारों को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि सड़क सुधार कार्य के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार भारी ट्रैफिक वाले रूटों पर रात के समय काम करने की रणनीति बनाई गई है। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के अन्य प्रमुख अंदरूनी मार्गों को भी चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से पैचवर्क कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। प्रकाश/27 मई 2026