राज्य
27-May-2026
...


हरिद्वार (ईएमएस)। कांग्रेस के महानगर अनुसूचित विभाग द्वारा आज ऋषिकुल कार्यालय पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की पुण्य तिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अनुसूचित विभाग के महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू दूरदर्शी और सभी धर्मों को मानने वाले नेता थे। उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखने में अपनी पूरी जिंदगी समर्पित कर दी। उन्होंने उद्योगों, बाँधों और बिजली परियोजनाओं को ‘‘आधुनिक भारत के मंदिर’’ कहा। पंडित नेहरू जानते थे कि आत्मनिर्भरता ही देश की असली ताकत है। इसलिए उन्होंने ने देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़े बड़े कार्य किए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और रवीश भटीजा ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की आजादी के बाद भारत को गरीबी, अशिक्षा और भुखमरी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए विज्ञान और तकनीक को प्राथमिकता देते हुए देश में आईआईएम, आईआईटी, इसरो, भेल जैसे बड़े सार्वजनिक संस्थान स्थापित किये साथ ही साथ शिक्षा और स्वास्थ्य पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। इतना ही नहीं जब विश्व में दो बड़ी शक्तियां आपस में बंटी हुई थी तो उन्होंने गुट निरपेक्ष आंदोलन चलाकर स्वतंत्र विदेश नीति अपनाते हुए विश्व को नई दिशा प्रदान की। जिससे पंडित नेहरू ने वैश्विक स्तर पर भारत को नई पहचान दिलवाई, जिससे भारत का विश्व में सम्मान बढ़ा। यूथ कांग्रेस के महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर और युवा नेता समर्थ अग्रवाल ने कहा कि पंडित नेहरू विविधता में एकता और धर्मनिरपेक्षता के पक्षधर थे जिसके चलते देश में धर्म, जाति और संस्कृति के लोग बिना किसी डर के और समान अधिकारों के साथ रह सके। उन्होंने भारत में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का काम किया। श्रद्धांजलि देने वालों में पप्पू राम, जावेद आलम, जवाहर चावला, दिनेश चंद गुप्ता, दीपक शर्मा, विशाल शर्मा, आकाश कटारिया, गुलशन कुमार, कमल, शिवम वाल्मीकि, राजबीर, नौशाद आदि शामिल रहे। (फोटो-15) शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/27 मई 2026