हाथरस (ईएमएस)। मानव कल्याण सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हाथरस से गुरुग्राम के लिए सीधी दैनिक एसी बस सेवा शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपी रोडवेज अलीगढ़ क्षेत्र को भी भेजी गई है।ज्ञापन में कहा गया कि हाथरस से प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी और मरीज गुरुग्राम जाते हैं, जहां मेदांता और फोर्टिस जैसे बड़े अस्पताल स्थित हैं। वर्तमान में सीधी बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण यात्रियों को कई बार बस बदलकर यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय, धन और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के चलते निजी वाहनों से यात्रा करना आमजन के लिए महंगा साबित हो रहा है। यदि हाथरस से गुरुग्राम के लिए सीधी एसी बस सेवा शुरू की जाती है तो यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय, मुख्य संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश बल्लभ वशिष्ठ तथा जिला अध्यक्ष नारायण लाल ने संयुक्त बयान में कहा कि यह सेवा क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा के लिए बेहद आवश्यक है। वहीं जिला महामंत्री कन्हैया वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल और जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि यह रूट परिवहन निगम के लिए भी लाभकारी साबित हो सकता है।संस्था ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 27 मई 2026