-- गिरफ्त में आरोपी थरस (ईएमएस)। थाना सासनी पुलिस, एसओजी टीम एवं महिला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दहेज उत्पीड़न के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी सोनू खां को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में उसकी पत्नी ने महिला थाना हाथरस में दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराया था।पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2021 को पीड़िता ने महिला थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 21 अगस्त 2021 को उसके पति सोनू खां, सास, ससुर और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की तथा तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच के बाद आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया था। हालांकि आरोपी सोनू खां लगातार फरार चल रहा था और न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे।इसी बीच आरोपी की मां रसीदन पत्नी बहादुर खां ने अपने पुत्र को मृत बताते हुए पुत्रवधू पर हत्या का आरोप लगाकर न्यायालय में वाद दायर किया तथा आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहू ने उसके बेटे की हत्या कर उसे गायब कर दिया है।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना सासनी, महिला थाना, एसओजी एवं सर्विलांस टीम को लगाया था। कई दिनों की सुरागरसी, पतारसी और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी खुर्जा में छिपकर एक कंपनी में काम कर रहा है।इसके बाद संयुक्त टीम ने मंगलवार को खुर्जा सिटी स्टेशन से आरोपी सोनू खां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू खां पुत्र बहादुर खां निवासी आशानगर थाना सासनी, जनपद हाथरस के रूप में हुई है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना सासनी प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी, एसओजी प्रभारी धीरज गौतम मय टीम तथा महिला थाना प्रभारी रितु तोमर मय टीम शामिल रही। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 27 मई 2026