राज्य
27-May-2026


-- दिव्या चौधरी श्रीलंका में ‘सेल्स सिनर्जी चैम्पियन अवार्ड’ से सम्मानित होते हुए हाथरस (ईएमएस)। जनपद की होनहार बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी क्रम में गांव लालगढ़ी निवासी दिव्या चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर हाथरस का नाम रोशन किया है।यूएसए आधारित एक प्रतिष्ठित कंपनी, जिसके भारत में 12 कार्यालय संचालित हैं, में डिप्टी मैनेजर एवं वेस्ट सेल्स कॉर्डिनेटर के पद पर कार्यरत दिव्या चौधरी को श्रीलंका में आयोजित भव्य समारोह के दौरान “सेल्स सिनर्जी चैम्पियन अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान कंपनी के नेशनल हेड द्वारा उनके उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन, दूरदर्शी रणनीतिक सोच और मजबूत समन्वय क्षमता के लिए प्रदान किया गया।डिप्टी मैनेजर के रूप में दिव्या चौधरी ने सेल्स, ऑपरेशंस और मैनेजमेंट के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित कर संगठन की कार्यकुशलता को नई दिशा दी। उन्होंने विभिन्न टीमों और शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाया। उनके प्रयासों से प्रबंधन को बेहतर निर्णय लेने में सहायता मिली तथा संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी आई।अपनी इस उपलब्धि पर दिव्या चौधरी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वह अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संगठन की प्रगति में प्रभावी योगदान देने का प्रयास करती रहेंगी।कन्या इंटर स्कूल की पूर्व छात्रा दिव्या चौधरी के पिता विवेक सिंह चौधरी, निवासी गांव लालगढ़ी, ने बेटी की इस सफलता पर खुशी जताई। दिव्या की उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे हाथरस के लिए गर्व का विषय बताया है।दिव्या चौधरी को बधाई देने वालों में बाबा डॉ. धर्मवीर सिंह, धर्मेंद्र यदुवंशी, उदयवीर सिंह, डॉ. सौरभ सिंह, हर्ष प्रताप, हरीश चौधरी और शुभम यदुवंशी सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे, जिन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 27 मई 2026