:: समय पर काम पूरा करने और बेहतर गुणवत्ता से बिजली देने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बुधवार शाम को एसएसटीडी के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कंपनी क्षेत्र के सभी 15 जिलों के अधीक्षण यंत्रियों और एसटीसी प्रभारियों से सीधे चर्चा कर अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण कराने के कड़े निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि एनएचएआई, रेलवे और वन विभाग जैसे अन्य सरकारी विभागों से ली जाने वाली आवश्यक अनुमतियां समय पर प्राप्त की जाएं, ताकि किसी भी कार्य की प्रगति में कोई बाधा न आए। श्री सिंह ने कहा कि नए ग्रिड के निर्माण, 33 केवी व 11 केवी लाइनों के विस्तार, नए ट्रांसफार्मर लगाने और पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि जैसे सुधारात्मक कार्यों से आने वाले समय में लाखों उपभोक्ताओं को और अधिक गुणवत्ता तथा निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति की जा सकेगी। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के अवसर पर कंपनी के कार्यपालक निदेशक एसएल करवाड़िया, मुख्य अभियंता अचल जैन, अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक संजय मालवीय, सुनील पटौदी, मुख्य वित्त अधिकारी अजयपाल सिंह अवास्या, राजेश माहौर, आरबी दोहरे, शहर अधीक्षण यंत्री डीके गाठे और विनोवा तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। प्रकाश/27 मई 2026