:: इंदौर-धार मार्ग सहित तीन क्षेत्रों में चली सघन चेकिंग, स्कूली वाहनों की जांच का अभियान भी रहेगा जारी :: इंदौर (ईएमएस)। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा एवं कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार आरटीओ इंदौर तथा संभागीय परिवहन उड़नदस्ते द्वारा यात्री बसों एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस सघन कार्रवाई के दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों से कुल 65 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। आरटीओ की टीमों ने धार रोड, राऊ और पीथमपुर क्षेत्र में मुस्तैदी दिखाते हुए यात्री वाहनों को रोककर उनके परमिट, फिटनेस, बीमा समेत सभी आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया। इसके साथ ही वाहनों का तकनीकी निरीक्षण भी किया गया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे फिटनेस और परमिट की शर्तों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं। अभियान के दौरान बसों में फायर सेफ्टी उपकरण और स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली को भी जांचा गया। अधिकारियों ने केवल कागजों की जांच नहीं की, बल्कि बसों में सफर कर रहे यात्रियों से सीधे फीडबैक भी लिया। यात्रियों से पूछा गया कि वाहन चालक बस को तेज गति से तो नहीं चला रहे हैं या गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग तो नहीं कर रहे हैं। यह पूरी कार्रवाई आरटीओ प्रदीप शर्मा एवं परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी आकाश सिटोले के नेतृत्व में अंजाम दी गई। अधिकारियों ने साफ किया है कि स्कूली और शैक्षणिक संस्थाओं की बसों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षा मानकों की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिले में स्कूल और कॉलेज के वाहनों की इस तरह की आकस्मिक जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रकाश/27 मई 2026