क्षेत्रीय
27-May-2026
...


शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित बालाघाट (ईएमएस). प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्राणेष कुमार प्राण के मार्गदर्शन में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बालाघाट में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बालाघाट ईशान डेंगुला ने छात्र-छात्राओं को न्यायिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनका संरक्षण योजना-2015 के विभिन्न प्रावधानों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। साथ ही निशुल्क विधिक सहायता योजना तथा भारतीय संविधान में वर्णित मूल अधिकार एवं मूल कर्तव्यों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी जीतेन्द्र मोहन धुर्वे ने जागृति योजना 2025 अंतर्गत संचालित सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य अभियान के बारे में जानकारी देते हुए लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा निशुल्क विधिक सहायता योजना के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। शिविर में महाविद्यालय के अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता बढ़ाना एवं उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाना रहा। भानेश साकुरे / 27 मई 2026