क्षेत्रीय
27-May-2026


मेरठ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठt से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम कॉलोनी में एक सौतेली मां और पिता पर अपनी ही 16 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर मासूम बच्ची की तकिए से गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में सबूत मिटाने के लिए उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे घरेलू विवाद या किसी निजी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी पिता और सौतेली मां ने मामले को छुपाने के लिए जल्दबाजी में शव को बृजघाट श्मशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि किसी को शक न हो और कोई सबूत भी न बच सके। लेकिन यह साजिश ज्यादा दिनों तक छुप नहीं सकी। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के मामा को अपनी भांजी की अचानक हुई संदिग्ध मौत की जानकारी मिली। उन्हें घटना पर शक हुआ और वे सीधे भावनपुर थाने पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी बहन के पति और उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी पिता और सौतेली मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में दोनों ज्यादा देर तक पुलिस के सवालों का सामना नहीं कर सके और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग भी इस वारदात से हैरान हैं कि आखिर माता-पिता अपनी ही बेटी के साथ इतनी बेरहमी कैसे कर सकते हैं। ईएमएस / चन्द्रबली / 27/05/2026