राज्य
27-May-2026


देहरादून (ईएमएस)। देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल डीजल व रसोई गैस की कीमतों का पहाड़ी जनपदों समेत राज्य भर में घरेलू सिलेंडरों की भारी कमी से उपजे संकट के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम हाथों में तख्ती व कांग्रेस के झंडे लिए सड़को पर उतर गया। कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकालकर राजपुर रोड स्थित यूनिवर्सल पेट्रोल पंप पहुंचा। इस दौरान पेट्रोल पंप पहुंच कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंप के आगे दरी बिछा कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और जहां प्रदेश कांग्रेस के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक विकास भारद्वाज के साथ ढोलक की थाप पर आजकल सोशल मीडिया पर वायरल गीत सैंया पैसा तो बहुत ही कमात है महंगाई डायन खाए जात है गाकर किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश व देश में पेट्रोल डीजल व रसोई गैस के वर्तमान संकट के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भारत को ईरान कच्चा तेल भारतीय मुद्रा में व दुनिया भर की कीमतों से कम कीमत पर दे रहा था जिसे केंद्र सरकार ने अमेरिका के दबाव में लेना बंद कर दिया। धस्माना ने कहा कि इसी प्रकार से रूस भारत को कच्चा तेल कम कीमतों पर दे रहा था उसे भी मोदी सरकार ने ट्रंप के दबाव में बहुत सीमित कर दिया जिसके कारण भारत की सप्लाई चेन प्रभावित हुई और ईरान अमेरिका युद्ध के ठीक अड़तालीस घंटे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इजराइल दौरा और नेतनयाहू के साथ वार्ता और उसको साथ देने का भरोसा भारतीय जनता के लिए सबसे ज्यादा कष्टकारी साबित हुआ। उन्होंने कहा कि क्योंकि ईरान का हार्मोज स्टेट से आने वाली कच्चे तेल व रसोई गैस की सप्लाई को बाधित करना भारत को महंगा साबित हो रहा है। धस्माना ने कहा कि आज जब जनता पेट्रोल डीजल व रसोई गैस के लिए परेशान है ऐसे में केंद्र की भाजपा सरकार जनता को किसी प्रकार की राहत देने को तैयार नहीं है। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में इजाफे की वजह से गाड़ियों के भाड़े बड़ गए हैं और आम आदमी के उपभोग की वस्तुएं अनाज सब्जियां खाने के तेल आदि महंगे हो गए हैं किन्तु इस सब से सरकार को कोई लेना देना नहीं है इसलिए अब इस जन विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए व्यापक जन आंदोलन की आवश्यकता है और आज देहरादून में कांग्रेस ने इसकी शुरुआत कर दी है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि आज सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की कीमतों के खिलाफ जो आंदोलन शुरू किया गया है उसे अब व्यापक रूप दिया जाएगा और आने वाले दिनों में महानगर के सभी सौ वार्डों में व फिर पूरे प्रदेश में इस आंदोलन को फैलाया जाएगा। इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश सिंह कौशल ने किया। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/27 मई 2026