राज्य
27-May-2026


देहरादून (ईएमएस)। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू के संघर्षपूर्ण जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और देश के प्रति उनके समर्पण को याद किया। यहां कांग्रेसजन पुरानी जेल स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा में पहंुचे और पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि यह स्थान ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि पंडित जवाहरलाल नेहरू कई वर्षों तक जेल में बंद रहे और उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण के साथ व्यतीत किया। उन्होंने का कि जेल की कालकोठरी में रहते हुए भी देश, समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के बारे में चिंतन किया तथा राष्ट्र निर्माण की सोच को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज भी यह स्थान और यहां की ऐतिहासिक स्मृतियां पंडित जवाहरलाल नेहरू के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की याद दिलाती हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि यह जगह हमें यह संदेश देती है कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत बलिदानों, कठिन संघर्षों और महान नेताओं के त्याग का परिणाम है। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्श, विचार और राष्ट्र निर्माण की भावना आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर देश की एकता, भाईचारे, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास को मजबूत करने का कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान महानगर कांग्रेस कांग्रेस कमेटी के पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/27 मई 2026