धमतरी(ईएमएस)। शहर के अंबेडकर चौक क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक बंद फल दुकान के अंदर एक ऑटो चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मकेश्वर वार्ड निवासी शेख जमील खान के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक का काम करता था। स्थानीय लोगों ने बंद दुकान के भीतर शव देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 मई 2026