जशपुर(ईएमएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर की बाड़ी से 40 गांजे के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह (58 वर्ष), निवासी ग्राम लोदाम खिखिर टोली के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर के आंगन के पास स्थित बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना लोदाम पुलिस ने एफएसएल टीम और गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान बाड़ी को प्लास्टिक जाली और साड़ी से ढककर छिपाया गया था, जिसके भीतर गांजे के पौधे लगाए गए थे। जांच में कुल 40 पौधे बरामद हुए, जिनमें 18 बड़े पौधे और 22 छोटे पौधे शामिल थे। इन पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 82 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में विजय सिंह ने गांजा उगाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(A) के तहत अपराध दर्ज किया गया। जशपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 मई 2026