क्षेत्रीय
28-May-2026
...


- खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को धमकाने वाला गिरफ्तार दुर्ग(ईएमएस)। जिले के भिलाई स्थित खुर्सीपार थाना क्षेत्र में स्थित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान हंगामा करने और खिलाड़ियों को धमकाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, 25 मई को स्टेडियम में क्रिकेट मैच खेला जा रहा था। इसी दौरान जांजगीर-चांपा निवासी सर्वेश सिंह मैदान में पहुंचा और खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि उसने खुद को गृह मंत्री का ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) बताते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बनाने और धमकाने की कोशिश की। घटना से खिलाड़ियों और मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद जयप्रकाश नामक व्यक्ति ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि आरोपी लगातार अपना प्रभाव दिखाकर मैच में मौजूद खिलाड़ियों और अन्य लोगों को डराने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने उसके विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी सर्वेश सिंह (38 वर्ष), निवासी नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह खुद को प्रभावशाली बताकर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 मई 2026