क्षेत्रीय
28-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद उसके पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। मामला बड़गांव थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी रमेश उर्फ डमरू पर युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने सितंबर 2025 में नवा खाई त्योहार के दौरान युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह कई बार इसी तरह का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में शादी से इंकार कर दिया। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)28 मई 2026