क्षेत्रीय
28-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के तहत करीब 40 लाख रुपये मूल्य के 218 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं। यह कार्रवाई कांकेर पुलिस की साइबर सेल और विभिन्न थाना स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मोबाइलों की खोज के लिए तकनीकी जांच और CEIR पोर्टल की मदद ली गई। पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 26 मई 2026 के बीच प्राप्त गुम मोबाइल शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की गई। इस दौरान पहले 116 मोबाइल संबंधित थानों के माध्यम से लौटाए जा चुके थे, जबकि हाल ही में 102 अतिरिक्त मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए। इस तरह कुल 218 मोबाइल बरामद किए गए हैं। CEIR पोर्टल की सहायता से गुम या चोरी हुए मोबाइल को सभी टेलीकॉम नेटवर्क पर ब्लॉक किया जाता है, जिससे उसका दुरुपयोग रोका जा सके। यदि कोई व्यक्ति ब्लॉक किए गए मोबाइल का उपयोग करता है, तो उसकी ट्रैकिंग संभव हो जाती है। बरामदगी के बाद मोबाइल को अनब्लॉक कर वास्तविक मालिक को सौंप दिया जाता है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आमजन से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी जांच के माध्यम से शीघ्र बरामदगी संभव हो सके। ईएमएस(राकेश गुप्ता)28 मई 2026