इन्दौर (ईएमएस) कल देर रात जंगल में एक मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू करते कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामला समीपस्थ बड़गोंदा थाना क्षेत्र के मंलेडी ग्राम के जंगल का है। पुलिस के अनुसार कल रात जंगल में कंकाल पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में कंकाल किसी पुरुष का होने की आशंका जताई जा रही है। क्योंकि जांच के दौरान कंकाल के पास कुछ बाल मिले हैं। छोटे बाल होने के कारण पुलिस इसे पुरुष का कंकाल मानकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मौके के आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश की गई, लेकिन कोई कपड़ा, मोबाइल फोन, पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला। इससे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है जिसके चलते आसपास के थानों पर खबर कर दी गई है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी काम से जंगल क्षेत्र में आया होगा और उसी दौरान उसके साथ कोई घटना हुई। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि अब तक यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत हत्या के कारण हुई या फिर जंगल में किसी हादसे अथवा जंगली जानवर के हमले का शिकार हुआ या उसने आत्महत्या की आनंद पुरोहित/ 28 मई 2026