राज्य
28-May-2026


:: लसूडिया पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा; मुख्य शूटर गुलशन यादव सहित तीन अब भी फरार, तलाश तेज :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित अभितेंद्र उर्फ अभि तोमर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में साफ हुआ है कि यह खूनी वारदात पुरानी रंजिश और भाई की हत्या का बदला लेने की नीयत से अंजाम दी गई थी। मामले में पुलिस ने साजिश रचने और अपराधियों को पनाह देने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाले तीन मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। गौरतलब है कि 21 मई की रात स्कीम नंबर 114 स्थित गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने हुई फायरिंग की इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। घटना वाली रात अभि तोमर अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी आरोपी गुलशन यादव, डीलू उर्फ चंद्रकांत लहरिया और उनके साथी वहां पहुंचे। आरोपियों ने अभि तोमर को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि इस हमले में एक अन्य युवक भी घायल हुआ था। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही पीयूष गुर्जर और सत्यवीर उर्फ सत्ते जाटव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो हत्या के इस बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी गुलशन यादव अपने भाई विष्णु यादव की हत्या का बदला लेना चाहता था। बदले की इसी आग में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अभि तोमर को रास्ते से हटाने की खूनी साजिश रची और मौका पाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। :: शरण देने वाले धराए, मुख्य आरोपियों की तलाश :: लसूडिया पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल होने और वारदात के बाद आरोपियों को फरारी काटने में मदद करने के आरोप में गौरव उर्फ संजू मौर्य, नरेश चौरसिया और भानु सिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, घटना के मुख्य आरोपी गुलशन यादव, डीलू उर्फ चंद्रकांत लहरिया और गौरव जाटव अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। प्रकाश/28 मई 2026