राज्य
28-May-2026


:: संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोचा; पांच थाना क्षेत्रों से चुराए थे पैशन प्रो और स्प्लेंडर जैसे वाहन :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चलाई जा रही मुहिम में क्राइम ब्रांच और थाना विजयनगर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। ज़ब्त वाहनों में पैशन प्रो, स्प्लेंडर, सुजुकी, होंडा शाइन और एचएफ डिलक्स जैसे लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) एवं पुलिस उपायुक्त (जोन-2) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान संयुक्त टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ संदिग्ध युवक मेघदूत गार्डन एवं विजयनगर क्षेत्र में बिना नंबर की मोटरसाइकिलों के साथ घूम रहे हैं और उन्हें औने-पौने दामों में बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच एवं थाना विजयनगर की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपियों मोहित वर्मा, विशेष कोरी और निशांत सुनहरे को धरदबोचा। :: पांच थाना क्षेत्रों में फैले थे चोरी के तार :: पकड़े गए आरोपियों से जब वाहनों के दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की गई, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपियों ने विजयनगर, परदेशीपुरा, कनाडिया, सांवेर और देवास नाका क्षेत्रों से विभिन्न तिथियों में मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से बरामद की गई 9 मोटरसाइकिलों में से कई वाहन थाना विजयनगर एवं थाना परदेशीपुरा में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं। :: अदालत से रिमांड की तैयारी :: पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में हुई अन्य वाहन चोरियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ और अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपियों का पुलिस रिमांड लिया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश/28 मई 2026