राज्य
28-May-2026


:: महापौर पुष्यमित्र भार्गव का तीखा पलटवार; बोले- गंदी राजनीति कर रही कांग्रेस, पीने के नहीं, ट्रीटेड वाटर का हुआ इस्तेमाल :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में जारी जल संकट और भीषण गर्मी के बीच अब पानी की बर्बादी को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोशल मीडिया पर इंदौर नगर निगम के महापौर सचिवालय परिसर की धुलाई का एक वीडियो साझा करते हुए निगम प्रशासन पर पानी बर्बाद करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस पर तीखा पलटवार करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विपक्ष पर बेहद ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया और स्पष्ट किया कि धुलाई के लिए पीने के पानी का नहीं, बल्कि ट्रीटेड वाटर (शोधित जल) का उपयोग किया गया था। कांग्रेस द्वारा साझा किए गए करीब 40 सेकंड के इस वीडियो में नगर निगम का एक कर्मचारी सरकारी टैंकर के पाइप से महापौर सचिवालय के बाहरी हिस्से की धुलाई करता नजर आ रहा है। वीडियो बना रहा व्यक्ति कर्मचारी से यह कहता सुनाई दे रहा है कि शहर में लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है और यहां महापौर सचिवालय को धोने में पानी बहाया जा रहा है। वीडियो क्लिप में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती भी दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, इंदौर की जनता पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है और महापौर अपने सचिवालय को पानी से धुलवा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से इंदौर के कई इलाकों से लगातार पानी की किल्लत की शिकायतें सामने आ रही हैं। विपक्ष के इन आरोपों पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उनके घर और दफ्तर के बाहर खड़े होकर केवल विवाद खड़ा करने के लिए वीडियो बनाने की ताक में रहते हैं। महापौर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया, महापौर सचिवालय के बाहर ड्रेनेज लाइन की सफाई डी-सिल्टिंग मशीन से की गई थी। इसके बाद वहां फैली गंदगी और कीचड़ को साफ करने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट से लाए गए गैर-पेयजल (ट्रीटेड वाटर) का उपयोग किया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर जानबूझकर जनता में भ्रम फैला रही है। प्रकाश/28 मई 2026