राज्य
28-May-2026
...


महापौर श्रीमती मालती राय ने केरवा जलशोधन संयंत्र का किया निरीक्षण कर दिये निर्देश भोपाल(ईएमएस)। महापौर श्रीमती मालती राय ने केरवा जलशोधन संयंत्र एवं जल शुद्धिकरण की विभिन्न यूनिटों का निरीक्षण किया और जल की गुणवत्ता तथा शुद्धिकरण प्रक्रिया की गहन समीक्षा की। महापौर श्रीमती राय ने निर्देशित किया कि शहर में जलप्रदाय के सभी जल स्त्रोतों में पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध है ग्रीष्म ऋतु में व्यवस्थित ढंग से नागरिकों के लिए पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाये। निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती राय ने जलशोधन की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान महापौर परिषद के सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, कार्यपालन यंत्री अजय मालवीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। महापौर श्रीमती मालती राय ने गुरूवार को केरवा जलशोधन संयंत्र का निरीक्षण किया और कच्चे पानी को एलम व अन्य रसायनों के साथ उपचारित करने की संपूर्ण प्रक्रिया की विभिन्न यूनिटों में प्रत्येक चरण का सूक्ष्मता से अवलोकन कर विस्तारपूर्वक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान महापौर श्रीमती राय ने अधिकारियों से बड़ा तालाब, कोलार बांध, केरवा बांध तथा नर्मदा परियोजना के अंतर्गत जल स्त्रोंतो में उपलब्ध जल, जलशोधन संयंत्र व उनकी प्रक्रिया, जलापूर्ति आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। निगम अधिकारियों ने अवगत कराया कि सभी जल स्त्रोंतो में पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध है और बेहतर ढंग से जल शुद्धिकरण कर नागरिकों को जलापूर्ति की जा रही है। महापौर श्रीमती राय ने जल परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और यहां कच्चे पानी एवं उपचारित पानी का पी.एच. मान, टीडीएस, टरबीडिटी आदि की जांच प्रक्रिया का अवलोकन भी किया। महापौर श्रीमती राय ने निर्देशित किया कि शहर के नागरिकों को ग्रीष्म ऋतु में शुद्ध और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु समुचित दबाव से जलापूर्ति की जाना सुनिश्चित करें। महापौर श्रीमती राय ने बताया कि शुद्ध पेयजल नागरिकों के घर तक पहुंचाने में निगम प्रशासन को औसतन रूपये 710/- प्रति परिवार खर्च वहन करना पड़ता है इसके विपरीत निगम प्रशासन जनता से जलकर के रूप में मात्र रूपये 210/- प्रति परिवार ले रहा है। महापौर श्रीमती मालती राय ने शहर के नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जल ही जीवन है इसका अपव्यय न करें और नल की लाईन में अवैध रूप से मोटर न लगाये जिससे सभी नागरिकों को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। हरि प्रसाद पाल /28 मई, 2026