राज्य
28-May-2026


07 लाख 38 हजार मकानों की हुई गणना, 03 हजार 285 गणना ब्लाकों में कार्य पूर्ण भोपाल(ईएमएस)। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। निगम सीमा अंतर्गत आने वाले कुल 07 लाख 38 हजार मकानों की गणना का कार्य किया जा चुका है साथ ही 03 हजार 285 जनगणना ब्लाकों में मकानों का सूचीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। जनगणना मकान सूचीकरण कार्य में प्रगणकों द्वारा विशेष रूचि लेकर लगन एवं निष्ठा के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु व्यक्तिगत तौर पर भी प्रयास किये गये। निगम आयुक्त व प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती संस्कृति जैन द्वारा भी समय-समय पर जनगणना मकान सूचीकरण कार्य का निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान श्रीमती जैन द्वारा सभी चार्ज क्षेत्रों के समस्त पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वह प्रतिदिन अपने अधीनस्थ मकान सूचीकरण ब्लाॅक को चेक करें और निर्धारित प्रारूप में ओके रिपोर्ट भी दें। निगम आयुक्त व प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर प्रथम चरण मकान सूचीकरण के कार्य की दैनिक रूप से समीक्षा की जा रही है। भ्रमण के दौरान भी समीक्षा की जा रही है तथा चार्ज अधिकारियों के साथ नियमित रूप से बैठक की जा रही है। उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह द्वारा जोन/चार्ज क्र. 01 से 21 तक फील्ड कार्य का भ्रमण किया जा रहा है जिसमें जनगणना अधिकारी के अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स और फील्ड ट्रेनर्स भी साथ में भ्रमण कर रहे हैं। शुक्रवार, दिनांक 29 मई 2026 को दिल्ली की टीम एवं निगम अधिकारियों द्वारा भी भ्रमण किया जायेगा। भ्रमण में निगम आयुक्त व प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती संस्कृति जैन, उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, जनगणना निदेशालय के अधिकारियों में डिस्ट्रीक इंचार्ज मनोज सैनी, राहुल सैनी, मास्टर ट्रेनर्स सुरेन्द्र रधुवंशी व मुकेश नापित आदि रहेंगे। हरि प्रसाद पाल /28 मई, 2026