राज्य
28-May-2026
...


:: संयोगितागंज पुलिस ने आरोपी को दबोचा; दुकान से चोरी की गई 1.71 लाख रूपये की पूरी नकदी बरामद :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि मुराई मोहल्ला स्थित दुकान में चोरी की इस घटना को अंजाम देने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि वहां काम करने वाला 18 वर्षीय कर्मचारी ही निकला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 1 लाख 71 हजार रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली है। मल्हारगंज निवासी फरियादी अमन अग्रवाल ने 24 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 मई की रात किसी अज्ञात बदमाश ने मुराई मोहल्ला स्थित उनकी दुकान से करीब 1,71,000 रूपये की नकदी चुरा ली है। पुलिस ने धारा 331 (4) और 305 (ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के करीब 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेह के आधार पर दुकान के कर्मचारी कीर्तन सिरसाटे (18 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। :: शातिर दिमाग : वारदात के अगले दिन भी काम पर आया :: आरोपी इतना शातिर है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के अगले दिन वह बिना किसी डर के रोज की तरह दुकान पर काम करने आ गया। जब पुलिस ने प्राथमिक तफ्तीश के दौरान दुकान के सभी कर्मचारियों से पूछताछ की, तब भी वह पूरे आत्मविश्वास के साथ झूठ बोलकर खुद को बचाता रहा। लेकिन पुलिस की सूझबूझ और अलग-अलग कड़ियों को जोड़ने के बाद उसके झूठ का पर्दाफाश हो गया। चूंकि वह पहले से वहां काम करता था, इसलिए उसे भली-भांति पता था कि दुकान मालिक गल्ले की रकम कहां रखते हैं। :: महंगे शौक पूरे करने रची साजिश :: पूछताछ में आरोपी कीर्तन ने बताया कि उसे अपनी प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने और उसे कीमती उपहार देने के लिए रुपयों की सख्त जरूरत थी। इसी चाहत में उसने अपने ही मालिक की दुकान में चोरी की योजना बनाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया। इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में संयोगितागंज थाना प्रभारी निरीक्षक के.पी. सिंह यादव, उपनिरीक्षक अरविंद खत्री, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक कालीचरण, आरक्षक संदीप, विजय, लक्ष्मण सिंह, नितिन, मनमोहन और ललित की मुख्य भूमिका रही। प्रकाश/28 मई 2026