30-May-2026
...


-वायुसेना के विमान से प्रश्नपत्र पहुंचाने के प्रस्ताव पर उठाए सवाल नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट-यूजी परीक्षा में पेपर लीक रोकने के लिए वायुसेना के विमानों के इस्तेमाल संबंधी प्रस्तावित व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केवल प्रश्नपत्रों के परिवहन का तरीका बदलने से पेपर लीक जैसी समस्याएं खत्म नहीं होंगी और इसके लिए मजबूत एवं पारदर्शी व्यवस्था की आवश्यकता है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में केजरीवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पेपर लीक रोकने की बजाय दिखावटी उपायों पर केंद्रित दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था परीक्षा माफिया के प्रभाव में आ चुकी है और इसे सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयासों की जरूरत है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट-यूजी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के बाद रद्द कर दी गई थी। अब इसकी पुनर्परीक्षा 21 जून को प्रस्तावित है। इसी बीच, देशभर में आयोजित सीयूईटी-यूजी परीक्षा के दौरान भी कुछ केंद्रों पर तकनीकी समस्याओं की शिकायतें सामने आई हैं। आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी वाराणसी के एक परीक्षा केंद्र पर कथित सर्वर समस्या का मुद्दा उठाया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में छात्रों को परीक्षा शुरू होने में हुई देरी से परेशान दिखाया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने परीक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाए और कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। नीट और सीयूईटी को लेकर उठे सवालों के बीच परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता, तकनीकी तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है। विपक्षी दल जहां सरकार को घेर रहे हैं, वहीं केंद्र और परीक्षा एजेंसियां निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा कराने का भरोसा जता रही हैं। हिदायत/ईएमएस 30मई26