30-May-2026
...


-टीएमसी सांसद बोले- ऐसे कायराना हमलों से डरने वाले नहीं कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के सोनारपुर इलाके में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेके जाने और हमला करने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आरोप है कि टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक पर जानलेवा हमला किया गया, वे चुनावी हिंसा में घायल पार्टी कार्यकर्ताओं का हाल जानने पहुंचे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सांसद अभिषेक बनर्जी सोनारपुर में हाल ही में हुई चुनावी हिंसा में घायल हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने और उनका हालचाल जानने पहुंचे हुए थे। इसी बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है, जैसे ही अभिषेक का काफिला सोनारपुर पहुंचा, वहां पहले से ही मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी, और देखते ही देखते हिंसक झड़प शुरु हो गई। भीड़ में से ही कुछ ने सांसद पर अंडे फेंके और उनके साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे अभिषेक की शर्ट फट गई। हेलमेट पहना सुरक्षित बाहर निकाला बताया जा रहा है कि स्थिति बेकाबू होती देख सुरक्षाकर्मियों ने अभिषेक बनर्जी को हेलमेट पहनाया और सिर को सुरक्षित रखने की कोशिश की। आनन-फानन में हेलमेट पहना कर किसी तरह उन्हें उग्र भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने मीडिया से बात करते हुए अपनी आपबीती सुनाई। आक्रोश व्यक्त कर रहे अभिषेक ने कहा, पूरी तैयारी के साथ आए ये लोग असल में मुझे जान से मारना चाह रहे थे। उन्होंने हमला किया और शर्ट तक फाड़ दी। उन्होंने पुलिसकर्मी तैनात नहीं होने पर भी हैरानी जताई। अभिषेक बनर्जी ने हमलावर विपक्षी दलों को ललकारते हुए कहा, टीएमसी ऐसे कायराना हमलों से डरने वाली नहीं है और वे जनता की लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगे। हिदायत/ईएमएस 30मई26