-शिक्षा मंत्री पर भी साधा निशाना नई दिल्ली,(ईएमएस)। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक और परीक्षा रद्ध मामले को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए परीक्षा प्रणाली में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए हैं। पवन खेड़ा ने कहा कि जब परीक्षा से जुड़ा कोई बड़ा विवाद सामने आता है, तभी सरकार और प्रधानमंत्री निगरानी की बात करते हैं। उन्होंने प्रश्न किया कि यदि परीक्षा प्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और पेपर लीक जैसी घटनाएं दोहराई जा रही हैं, तो इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। कांग्रेस नेता ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी घेरते हुए कहा कि यदि परीक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आई हैं, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि परीक्षा सुरक्षा के लिए अतिरिक्त संसाधनों या संस्थाओं की मदद ली जा रही है, तो मूल समस्या के कारणों पर भी ध्यान देना आवश्यक है। गौरतलब है कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर विवाद के बाद केंद्र सरकार ने 21 जून को पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। इस बार परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 30मई26