:: एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप करेंगे अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई का उद्घाटन, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा करेंगे अध्यक्षता :: इंदौर (ईएमएस)। धार जिले के औद्योगिक परिदृश्य में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। फार्मास्युटिकल क्षेत्र की प्रतिष्ठित मेडिम्पैक्ट लाइफसाइंसेज कंपनी द्वारा जिले के ग्राम-उज्जैनी स्थित एमपीआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया (प्लॉट नंबर 125-126) में एक अत्याधुनिक नई विनिर्माण इकाई (मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी) स्थापित की गई है। इस भव्य औद्योगिक संयंत्र का उद्घाटन रविवार, 31 मई को शाम 4:30 बजे किया जाएगा। इस गरिमामय उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में धार विधायक नीना वर्मा एवं अशोक जैन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस नए संयंत्र की स्थापना से क्षेत्र के औद्योगिक विकास को और गति मिलने की उम्मीद है। :: स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर :: कंपनी के निदेशक संजय रमनलाल जैन एवं आशीष कैलाश चंद जैन ने बताया कि यह नई इकाई मुख्य रूप से एपीआई (एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स) और स्टेरॉयड के उच्च गुणवत्तायुक्त निर्माण पर केंद्रित होगी। विज्ञान और अनुसंधान पर आधारित इस अत्याधुनिक प्लांट के शुरू होने से न केवल स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मालवा अंचल में स्थानीय स्तर पर रोजगार और बड़े औद्योगिक निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे। पर्यावरण और मानकों का ध्यान रखते हुए इस प्लांट को वैश्विक स्तर के अनुरूप तैयार किया गया है। प्रकाश/30 मई 2025