व्यापार
31-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बाजार में हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी नई मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर एक्सटेक 2.0 लॉन्च कर दी है।कंपनी का कहना है कि यह बाइक रोजमर्रा के इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 86,500 रुपये तय की है। नया मॉडल आधुनिक डिजाइन, एडवांस फीचर्स और बेहतर माइलेज के साथ पेश किया गया है। नई सुपर स्प्लेंडर एक्सटेक 2.0 में 124.7 सीसी का सिंगल सिलेंडर एयर कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 7500 आरपीएम पर 10 हॉर्सपावर और 6000 आरपीएम पर 10.6 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि प्रोग्राम्ड फ्यूल इंजेक्शन और आइडल स्टॉप-स्टार्ट तकनीक की मदद से यह मोटरसाइकिल 72 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है। बाइक में इंटीग्रेटेड स्टार्टर जनरेटर और आई3एस तकनीक भी दी गई है, जिससे ट्रैफिक में इंजन अपने आप बंद और दोबारा स्टार्ट हो जाता है। इससे ईंधन की बचत में मदद मिलती है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें फ्रंट डिस्क ब्रेक, टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन, हैजर्ड लाइट्स और हैंडलबार पर इंजन किल स्विच दिया गया है। मोटरसाइकिल में पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी की सुविधा दी गई है। इसके जरिए राइडर को कॉल, मैसेज और फोन बैटरी से जुड़े अलर्ट दिखाई देते हैं। यह ग्लॉसी ब्लैक, कैंडी ब्लेजिंग रेड, मैट एक्सिस ग्रे, मैट नेक्सस ब्लू और मैट चेस्टनट ब्राउन जैसे पांच रंगों में उपलब्ध होगी। इसके अलावा रियल टाइम माइलेज इंडिकेटर, लो फ्यूल वार्निंग और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है। नई बाइक को ड्यूल टोन ग्राफिक्स और प्रीमियम डिजाइन के साथ पेश किया गया है। सुदामा/ईएमएस 31 मई 2026