व्यापार
31-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। ओला इलेक्ट्रिक भारत के कमर्शियल इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एंट्री करने की तैयारी कर रही है। कंपनी जल्द ही नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर सकती है, जिसे खास तौर पर फूड डिलीवरी, क्विक कॉमर्स और फ्लीट ऑपरेशन जैसे कमर्शियल उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है। जानकारी के मुताबिक इस स्कूटर को जरूरी रेग्युलेटरी मंजूरी भी मिल चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने फरवरी 2026 में इस स्कूटर को सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स के तहत होमोलोगेशन प्रदान किया है। यह एल1 कैटेगरी का इलेक्ट्रिक स्कूटर होगा, जिसमें 4 किलोवाट की मोटर दी जाएगी। इसकी अधिकतम रफ्तार लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह स्कूटर कंपनी के मौजूदा ओला एस1 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा, लेकिन इसमें कम रनिंग कॉस्ट, बेहतर रेंज और लगातार उपयोग की क्षमता पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसे खासतौर पर डिलीवरी राइडर्स और फ्लीट ऑपरेटर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। हाल ही में कंपनी के संस्थापक भाविश अग्रवाल ने कहा था कि ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण गिग वर्कर्स के बीच इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर इस नए स्कूटर का जिक्र नहीं किया था। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह स्कूटर इसी तिमाही में लॉन्च होता है, तो भारत के तेजी से बढ़ते कमर्शियल ईवी बाजार में प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है। सुदामा/ईएमएस 31 मई 2026