व्यापार
31-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कार निर्माता कंपनियां मारुति सुजुकी और हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। इस बारे में हुंडई कंपनी ने जानकारी दी है कि नई कीमतें 1 जून 2026 से लागू होंगी। मॉडल और वैरिएंट के आधार पर कारों की कीमत में अधिकतम 12,800 रुपए तक का इजाफा किया जाएगा। कंपनी के अनुसार कच्चे माल, इनपुट लागत और ऑपरेशनल खर्चों में लगातार बढ़ोतरी के कारण यह फैसला लिया गया है। कंपनी ने अपनी ताजा रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि मौजूदा बाजार परिस्थितियों और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कीमतों में संशोधन किया जा रहा है। हुंडई का कहना है कि उसने बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा खुद वहन करने की कोशिश की, ताकि ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ कम पड़े, लेकिन अब मामूली कीमत बढ़ोतरी जरूरी हो गई है। वहीं मारुति सुजुकी इंडिया ने भी जून 2026 से अपनी कारों की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी के अनुसार अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में अधिकतम 30,000 रुपए तक की वृद्धि की जाएगी। मारुति ने इसके पीछे बढ़ती इनपुट लागत और महंगाई के दबाव को मुख्य वजह बताया है। कंपनी ने कहा कि वह अब तक आंतरिक उपायों के जरिए लागत को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन लगातार बढ़ते खर्चों के कारण अब इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है। हालांकि कंपनी ने यह भी कहा कि ग्राहकों पर असर कम से कम पड़े, इसके लिए प्रयास जारी रहेंगे। मारुति के पोर्टफोलियो में वैगनआर, स्विफ्ट, फ्रोंक्स, अर्टिगा और डिजायर जैसी लोकप्रिय कारें शामिल हैं। सुदामा/ईएमएस 31 मई 2026