राज्य
30-May-2026


भोपाल(ईएमएस)। निशातपुरा थाना इलाके में शिमला घूमने गए व्यापारी के सूने मकान पर चोरो ने धावा बोलते हुए लाखों का माल उड़ा दिया। व्यापारी जब वापस घर लौटे तब चोरो के कारनामे का खुलासा हुआ। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जॉच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सुपर स्टैंड कॉलोनी में रहने वाली शोभा गोस्वामी पति दीपक (40) ने बताया की उनके पति व्यापारी हैं, और वह निजी अस्पताल में टैक्निशियन हैं। बीती 23 मई को वह अपने परिवार के साथ घूमने के लिए शिमला गई थी। बीते दिन जब परिवार वापस अपने घर लौटा तो देखा कि मेन-गेट पर लगा ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाकर देखने पर कमरो में रखा सामान बिखरा मिला वहीं अलमारी के लॉकर भी टूटे पड़े थे। अज्ञात बदमाश लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत लाखों रुपए का माल समेटकर चंपत हो गए। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की पड़ताल करते हुए सुराग जुटाए जिसके आधार पर आगे की जॉच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। जुनेद / 30 मई