राज्य
30-May-2026


:: 35 लाख से अधिक नागरिकों ने दर्ज कराई प्रतिक्रिया, भोपाल में दिखा अपूर्व उत्साह :: भोपाल (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में पुनः एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत संचालित देशव्यापी सिटीजन फीडबैक (नागरिक प्रतिक्रिया) अभियान में, वर्ष 2011 की जनगणना के मानदंडों के आधार पर, मध्यप्रदेश समस्त राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पछाड़कर देश में प्रथम स्थान पर रहा है। प्रदेश के 35.69 लाख से अधिक जागरूक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यमों से अपनी सहभागिता दर्ज कराकर नया कीर्तिमान रचा है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेशवासियों और अथक परिश्रमी सफाई मित्रों का अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की अटूट जागरूकता और विभागीय अमले की कर्तव्यनिष्ठता के समन्वय से ही प्रदेश स्वच्छता के उच्च शिखर पर निरंतर गतिमान है। :: 360 डिग्री रणनीति से 60 लाख लोगों तक पहुंच :: राज्य स्तर पर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की टीम द्वारा इस वर्ष एक अनूठी 360 डिग्री रणनीति का क्रियान्वयन किया गया। इस समेकित कार्ययोजना के अंतर्गत सभी नगरीय निकायों के सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से 60 लाख से अधिक जनमानस तक पहुंच स्थापित की गई। इसके अतिरिक्त कचरा संग्रहण वाहनों, समाचार पत्रों, रेडियो, दूरदर्शन के ऑडियो-वीडियो संदेशों तथा घर-घर जाकर चलाए गए सघन जन-जागरूकता अभियानों से समाज के हर वर्ग को इस पुनीत कार्य से जोड़ा गया। डिजिटल सहभागिता को सुगम और व्यापक बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तर से एक करोड़ से अधिक लक्षित एसएमएस प्रेषित किए गए। इसके साथ ही, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का भी सहयोग लिया गया, जिससे युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह का संचार हुआ। :: भोपाल में दिखा रिकॉर्ड उत्साह, ऐसे दर्ज कराएं फीडबैक :: इस व्यापक प्रयास का परिणाम धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। विशेष रूप से प्रदेश की राजधानी भोपाल के नागरिकों में इस वर्ष अपूर्व उत्साह देखा गया है। जहां गत वर्ष भोपाल में मात्र 5.13 हजार नागरिकों ने अपना फीडबैक दिया था, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा रिकॉर्ड 3.86 लाख को पार कर गया है। राज्य सरकार और नगरीय विकास विभाग ने प्रदेश के समस्त नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपने शहर को स्वच्छता के शीर्ष पायदान पर बनाए रखने के लिए अपनी सहभागिता निरंतर जारी रखें। नागरिक केंद्रीय मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट (cf.sbmurban.org/survey) पर जाकर अथवा निर्धारित क्यूआर (QR) कोड को स्कैन कर अपना बहुमूल्य ऑनलाइन फीडबैक दर्ज करा सकते हैं। प्रकाश/30 मई 2026