मनोरंजन
31-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपनी आगामी नेटफ्लिक्स फिल्म ‘कर्तव्य’ को लेकर अभिनेता सैफ अली खान लगातार चर्चा में बने हुए हैं। प्रमोशन के दौरान अभिनेता सैफ अली खान ने कहा कि वह खुद को बहुत ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते और काम के बीच हल्के-फुल्के माहौल को जरूरी मानते हैं। उन्होंने अपने पुराने वायरल इंटरव्यू, अभिनय शैली और सेट पर होने वाली मस्ती को लेकर खुलकर बातचीत की। सैफ के साथ फिल्म की सह-कलाकार रसिका दुग्गल और मनीष चौधरी भी मौजूद थे। जब दोनों कलाकारों से पूछा गया कि क्या सैफ शूटिंग के दौरान भी मजेदार टिप्पणियां और वन-लाइनर्स बोलते रहते हैं, तो रसिका ने उनकी कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सैफ उन कलाकारों में से हैं जो हर समय सेट पर मस्ती का माहौल बनाए रखते हैं। इस पर सैफ ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह अपने काम को लेकर ईमानदार जरूर रहते हैं, लेकिन खुद को जरूरत से ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि जब कोई सीन अच्छे से पूरा हो जाता है, उसके बाद थोड़ा मजाक और मस्ती करना गलत नहीं है। सैफ के मुताबिक हल्का माहौल कलाकारों को सहज बनाए रखने में मदद करता है। बातचीत के दौरान सैफ को दूरदर्शन पर प्रसारित उनके लगभग 25 साल पुराने इंटरव्यू की भी याद दिलाई गई। इस इंटरव्यू में वह “मैं गिटार खेलता हूं” कहते नजर आते हैं और यह क्लिप आज भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल होती रहती है। इस वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए सैफ ने कहा कि उन्होंने वह क्लिप देखी है और उन्हें वह बेहद मजेदार लगती है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि उस इंटरव्यू में कई ऐसी बातें भी हैं, जो आज के समय में शायद गैरकानूनी मानी जाएं और संभव है कि उस समय भी वैसी ही रही हों। इसी पुराने इंटरव्यू में सैफ ने अपनी पसंदीदा अभिनेत्रियों मधुबाला और जीनत अमान की तुलना भी की थी। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अब उन्हें खुद समझ नहीं आता कि वह क्या कहना चाह रहे थे। सैफ ने इसे बेहद अजीब लेकिन दिलचस्प बातचीत बताया। फिल्म ‘कर्तव्य’ के बारे में बात करते हुए सैफ ने कहा कि आजकल क्राइम ड्रामा की भरमार है, लेकिन एक अभिनेता के तौर पर उनकी कोशिश हर किरदार में कुछ नया जोड़ने की रहती है। उन्होंने कहा कि वह केवल पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने की बजाय उस इंसान की मानसिकता और व्यक्तित्व को समझने पर ज्यादा ध्यान देते हैं। सुदामा/ईएमएस 31 मई 2026