मुंबई (ईएमएस)। नई वेब सीरीज ‘मेड इन इंडिया- ए टाइटन स्टोरी’ चर्चा में है, जो देश के सबसे भरोसेमंद और लोकप्रिय ब्रांड्स में शामिल टाइटन की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शकों के सामने पेश करेगी। सीरीज में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह देश के प्रसिद्ध उद्योगपति जेआरडी टाटा की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हाल ही में इस सीरीज का ट्रेलर जारी किया गया, जिसके बाद दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। ट्रेलर की शुरुआत एक भारतीय घड़ी ब्रांड बनाने के विचार से होती है और फिर यह कहानी धीरे-धीरे एक बड़े और सफल ब्रांड के निर्माण तक पहुंचती है। यह सीरीज लेखक विनय कामथ की चर्चित किताब ‘टाइटन - इंडियाज मोस्ट सक्सेसफुल कंज्यूमर ब्रांड’ पर आधारित है। कहानी यह दिखाती है कि किस तरह एक छोटा सपना, मजबूत भरोसा और लगातार मेहनत इतिहास रच सकती है। सीरीज में नसीरुद्दीन शाह के अलावा जिम सर्भ भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वह प्रसिद्ध उद्योगपति जेरक्सेस देसाई के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा वैभव तत्ववादी, नमिता दुबे, लक्षवीर सरन और कावेरी सेठ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीरीज को लेकर बात करते हुए नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि जेआरडी टाटा का व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था। उनके मुताबिक जेआरडी टाटा की सबसे बड़ी खासियत उनका शांत आत्मविश्वास था, जिसके जरिए वह लोगों को बड़े सपने देखने और उन पर भरोसा करने के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसा धैर्य और लोगों की प्रतिभा पर भरोसा बहुत कम देखने को मिलता है। नसीरुद्दीन शाह ने यह भी कहा कि यह सीरीज केवल एक कंपनी या ब्रांड की कहानी नहीं है, बल्कि यह विश्वास, मेहनत और साहस की कहानी है। वहीं जिम सर्भ ने कहा कि जेरक्सेस देसाई ऐसे व्यक्ति थे, जो परंपरागत सोच से आगे जाकर नए विचारों को अपनाने का साहस रखते थे। उनके अनुसार इस शो की सबसे खास बात यह है कि यह सिर्फ बिजनेस की सफलता नहीं दिखाता, बल्कि इसके पीछे छिपे संघर्ष, भावनाएं और इंसानी रिश्तों को भी खूबसूरती से सामने लाता है। सीरीज को करण व्यास ने लिखा है, जबकि इसका निर्देशन रॉबी ग्रेवाल ने किया है। सुदामा/ईएमएस 31 मई 2026