फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की यादव कॉलोनी में शनिवार को एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने डेढ़ साल के मासूम आरव की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र ने बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर ले जाकर सुनसान गली में जमीन पर आठ बार पटका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक आरव की मां रति का मायका अरांव थाना क्षेत्र के बामई गांव में है, जबकि ससुराल बदायूं में है। पति से विवाद के बाद वह कुछ महीनों से मायके में रह रही थी और शनिवार को शिकोहाबाद आई थी। आरोपी विराज भी बदायूं का रहने वाला है। परिजनों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विराज लंबे समय से रति पर शादी का दबाव बना रहा था। प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। एसएसपी के निर्देशन में गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस को आरोपी का मूवमेंट गांव भूड़ा-भरथरा के पास मिला। घेराबंदी के दौरान विराज ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से असलहा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। - ईएमएस फिरोजाबाद