- तेज आंधी-बारिश से गिरे 50 से अधिक पेड़ - 150 से ज्यादा ग्रामो की हुई बिजली आपूर्ति बाधित कोरबा (ईएमएस) नौतपा के छठवें दिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बौछारों ने लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दोपहर में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। शाम होते-होते तेज आंधी और बारिश ने जिले के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। शाम लगभग 4:30 बजे चली तेज आंधी के कारण जिलेभर में 50 से अधिक पेड़ गिर गए। कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं करीब 15 स्थानों पर बिजली तार टूटने की घटनाएं सामने आईं। आंधी-बारिश के चलते अंचल के कई हिस्सों के साथ ही 150 से अधिक ग्रामो में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कोरबी-चोटिया क्षेत्र के 100 से ज्यादा ग्राम अंधेरे में डूब गए। इसके अलावा बरपाली, करतला, कटघोरा और पाली क्षेत्र में भी देर रात तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। साडा कॉलोनी दर्री में पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था पर असर पड़ा। मौसम में आए बदलाव के कारण नौतपा के दौरान पहली बार अधिकतम तापमान घटकर 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले जिले का तापमान लगातार 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। बिजली विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर मरम्मत कार्य शुरू किया और आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी रहे। इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार और सोमवार को तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। - 31 मई