राष्ट्रीय
31-May-2026
...


39 दिनों में 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन -आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के बाद प्रशासन सतर्क देहरादून,(ईएमएस)। उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम, भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे जहां हैं, वहीं सुरक्षित स्थानों पर ठहरें और मौसम सामान्य होने तक आगे की यात्रा न करें। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने मीडिया को बताया कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें विभिन्न पड़ावों पर रोका गया है। श्रीनगर और ऋषिकेश सहित कई स्थानों पर प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित हाल्ट प्वाइंट्स पर ठहराने के निर्देश दिए हैं। मौसम में सुधार होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा। ताजा बर्फबारी ने पर्वत की चोटियां ढकीं उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। चमोली जिले में सुबह से मूसलाधार बारिश दर्ज की गई, जबकि सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब में लगातार बर्फबारी हो रही है। बद्रीनाथ धाम के आसपास नर-नारायण और नीलकंठ पर्वत की चोटियां भी ताजा बर्फबारी से ढकी हुई हैं। मौसम की इस गतिविधि ने चारधाम यात्रा मार्गों पर सतर्कता बढ़ा दी है। सामान्य से अधिक वर्षा की गई दर्ज मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में पिछले चार महीनों के दौरान सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। हाल ही में देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और काशीपुर जैसे मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था, लेकिन पिछले 48 घंटों में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। आस्था का नया रिकॉर्ड बना इस बीच, केदारनाथ धाम यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड भी बनाया है। बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यात्रा शुरू होने के महज 39 दिनों के भीतर 10 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। चारधाम यात्रा के इतिहास में इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी। अधिकारियों ने यात्रियों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हिदायत/ईएमएस 31मई26