राष्ट्रीय
31-May-2026


राहुल गांधी देंगे संगठन को नई दिशा -10 दिवसीय राष्ट्रीय शिविर के अंतिम सत्र में करेंगे कार्यकर्ताओं को संबोधित अजमेर,(ईएमएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार, 1 जून को राजस्थान के पुष्कर दौरे पर रहेंगे। वे तिलोरा स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन समारोह में भाग लेंगे और पार्टी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। तय कार्यक्रम की प्राप्त जानकारी अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे हैं, जहां से वे पुष्कर पहुंचेंगे और राष्ट्रीय चिंतन शिविर के अंतिम सत्र में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन करना तथा भविष्य की रणनीति तैयार करना है। शिविर में राजस्थान और दिल्ली के जिला कांग्रेस अध्यक्षों सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। समापन सत्र में राहुल गांधी संगठन सृजन अभियान, पार्टी की विचारधारा, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आगामी चुनावी तैयारियों पर अपने विचार रख सकते हैं। साथ ही वे जिला अध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ संवाद कर उनके सुझाव भी जानेंगे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दौरे से पहले राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी एसएस रंधावा तथा अन्य वरिष्ठ नेता भी पुष्कर पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी की सुरक्षा को देखते हुए एसपीजी ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने आवागमन मार्ग, सभा स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लेकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए हैं। प्रशासन ने भी यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है। सूत्रों के अनुसार चिंतन शिविर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और आगामी चुनावों के लिए रणनीतिक तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई है। माना जा रहा है कि समापन सत्र में राहुल गांधी संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दे सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें उनके संबोधन पर टिकी हुई हैं, जिसे पार्टी के आगामी राजनीतिक रोडमैप के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 31मई26