अभिषेक के बाद हुगली में सांसद कल्याण बनर्जी पर किया गया हमला -भाजपा ने हमले को बताया ‘ड्रामा’ -चंडीतला थाने के बाहर टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में स्थित चंडीतला पुलिस स्टेशन के बाहर रविवार को राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने हमला होने और सिर पर चोट आने की बात कही। सांसद का दावा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उन पर पत्थर या किसी भारी बॉल जैसी अन्य वस्तु से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट आई है। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक ड्रामा करार दिया है। जानकारी के अनुसार, कल्याण बनर्जी टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले के विरोध में तथा गिरफ्तार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर चंडीतला थाने में ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में टीएमसी समर्थक भी उनके साथ मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ज्ञापन सौंपने से पहले ही थाने के बाहर टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि भाजपा समर्थकों की ओर से लगाए गए नारों के बाद स्थिति और अधिक गर्म हो गई। इसी दौरान कल्याण बनर्जी ने हमले की बात कही और आरोप लगाया कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उन पर वस्तु फेंकी, जो उनके सिर पर लगी। घटना के बाद उन्हें सिर पर भीगा हुआ रूमाल रखे देखा गया। उन्होंने कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने और ज्ञापन सौंपने जा रहे थे, लेकिन उन पर हमला किया गया। सांसद ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि विपक्षी दलों द्वारा राजनीतिक हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है। भाजपा ने आरोपों को किया खारिज दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने टीएमसी सांसद के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। भाजपा का कहना है कि कल्याण बनर्जी को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है और वे सहानुभूति हासिल करने के लिए घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से इस मामले को तूल दे रही है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को नियंत्रित कर स्थिति को सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया। फिलहाल घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं और प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है। हिदायत/ईएमएस 31मई26