क्षेत्रीय
31-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत एनटीपीसी सीपत द्वारा शनिवार को वृहत स्वच्छता जागरूकता रैली एवं सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। परियोजना प्रमुख स्वपन मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में करीब 800 लोगों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। रैली एनटीपीसी मुख्य द्वार से शुरू होकर लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सीपत हाट पहुंची। इस दौरान एनटीपीसी गेट से सीपत हाट तक चिन्हित आठ स्थानों पर विशेष श्रमदान कर लंबे समय से जमा कचरा हटाया गया। मुख्य मार्ग स्थित बलदेव तालाब क्षेत्र में भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता संबंधी संदेश प्रदर्शित किए गए तथा लोगों से सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने की अपील की गई। सीपत हाट पहुंचने पर परियोजना प्रमुख और अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद कर स्वच्छता के सामाजिक, स्वास्थ्य और पर्यावरणीय महत्व की जानकारी दी। स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। अभियान में एनटीपीसी अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा उनके परिजन, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सीआईएसएफ जवान, बाल भारती पब्लिक स्कूल के शिक्षक-विद्यार्थी, स्थानीय पुलिस, संविदा एजेंसियों के कर्मचारी, ठेका श्रमिक, ग्रामीणजन और पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए। एनटीपीसी प्रबंधन ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के सफल आयोजन के लिए पहले से विभिन्न हितधारकों के साथ बैठकें आयोजित की गई थीं, जिससे अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छ भारत अभियान से जुडऩे और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया। उल्लेखनीय है कि 16 से 31 मई तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एनटीपीसी सीपत में क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला, निबंध लेखन, स्वच्छता शपथ सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। - 31 मई 2026