बिलासपुर (ईएमएस)। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बिल्हा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाइक और स्कूटी के जरिए गांवों में शराब की खेप पहुंचाने की तैयारी कर रहे आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लीटर देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त कर लिया है। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना पुलिस ने क्षेत्र में मुखबिर तंत्र सक्रिय कर निगरानी बढ़ाई थी। 30 मई को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आमापारा बिल्हा और डोडकीभाठा क्षेत्र में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान मोटरसाइकिल सीजी-10-यू-6654 में सवार भागवत प्रसाद भारद्वाज के कब्जे से 35 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। वहीं स्कूटी सीजी-10-बीएन-8246 में सवार मंगल कुर्रे और दुर्गेश दास मानिकपुरी के पास से 25 पाव देशी प्लेन और 20 पाव देशी मसाला शराब मिली। पुलिस ने करीब 15 लीटर अवैध शराब जब्त कर दोनों वाहन कब्जे में ले लिए। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग सहित पुलिस टीम के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। - 31 मई 2026