क्षेत्रीय
31-May-2026
...


भोजपुर, (ईएमएस)। बिहार के भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र स्थित अंधारी गांव में रविवार सुबह सोन नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूब गए। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की तत्परता से दो बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बालक की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अंधारी गांव निवासी रंजीत राय का पुत्र नीतीश कुमार, चिंटू राय का पुत्र हर्षित कुमार, सुभंटु राय का पुत्र निखिल कुमार और स्वर्गीय रामनिधि राय का पुत्र शिवम कुमार नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से तीन बच्चे डूबने लगे। शिवम कुमार किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। बच्चों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दो बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिया गया और उनके परिजन उन्हें इलाज के लिए तत्काल अरवल सदर अस्पताल ले गए। वहीं तीसरे बालक की तलाश लगातार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी। पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम लापता बच्चे की खोज में जुटी हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। - ३१ मई/२०२६/ईएमएस