क्षेत्रीय
31-May-2026
...


भिंड (ईएमएस)| नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने आज विधानसभा क्षेत्र मेहगांव में 47.49 लाख रूपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। जिसमें ग्राम पंचायत महाराजपुरा में 37.49 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित अटल ग्राम सेवा सदन (पंचायत भवन) तथा ग्राम पंचायत बहुआ में 10 लाख रूपये की लागत से सीसी रोड़ निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने उपस्थित जनों को संबोधित कर कहा कि यह नवनिर्मित पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सुगमता से प्राप्त हो सकेगा। प्रदेश सरकार के नेतृत्व में गांवों के सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं एवं सुशासन की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यह भवन ग्राम पंचायत महाराजपुरा के विकास एवं जनसेवा का नया केंद्र बनेगा। नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार हम सबके हित में निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में अनेक योजनाएं और अभियान चलाए जा रहे हैं। लेकिन केवल सरकार के प्रयासों से सब कुछ संभव नहीं हो सकता, इसलिए विकास की दिशा में कुछ दायित्व हम सबको मिलकर भी निभाने होंगे। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए जल का संरक्षण और वर्षा जल का संचयन करना होगा। हम अपने क्षेत्र, अपने गांव को कैसे हरा भरा कर सकते हैं, उसकी चिंता करते हुए हम सबको एक-एक पेड़ अपनी मां के नाम लगाना चाहिए। स्वच्छता अभियान के तहत अपने गांव और नगर को स्वच्छ बनाने का प्रयास करना चाहिए।