वॉशिंगटन (ईएमएस)। आजकल सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस शख्स ने खुद को भविष्य से लौटकर आने वाला “टाइम ट्रैवलर” बताया है। इस व्यक्ति ने अपना नाम एलेक्सेंडर स्मिथ बताया और दावा किया कि वह अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के एक गुप्त टाइम ट्रैवल प्रोजेक्ट का हिस्सा रहा है। मास्क पहने उस शख्स के अनुसार वह साल 2118 में जाकर वापस लौटा है और वहां का भयावह भविष्य देखकर दुनिया को चेतावनी देना चाहता है। उसके दावों ने इंटरनेट पर सनसनी फैला दी है। कुछ लोग इसे सच मान रहे हैं, जबकि कई लोग इसे महज कहानी और लोकप्रियता पाने की कोशिश बता रहे हैं। एलेक्सेंडर स्मिथ ने अपने वीडियो में दावा किया कि भविष्य में तीसरा विश्व युद्ध पूरी मानव सभ्यता के लिए विनाशकारी साबित होगा। उसने कहा कि उसने न्यूयॉर्क, लंदन, दिल्ली और बीजिंग जैसे बड़े शहरों को खंडहर में बदलते देखा। उसके मुताबिक वर्ष 2040 के आसपास छोटे-छोटे अंतरराष्ट्रीय विवादों से युद्ध की शुरुआत हुई, जो धीरे-धीरे बड़े देशों के बीच परमाणु संघर्ष में बदल गई। परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से लाखों लोगों की मौत हो गई और कई इलाके पूरी तरह बंजर हो गए। स्मिथ के अनुसार भविष्य में रेडिएशन का असर कई पीढ़ियों तक दिखाई देगा। खाने और पानी की भारी कमी होगी तथा बचे हुए लोग जंगलों में जड़ी-बूटियां और जानवरों का शिकार करके जीवन बिताने को मजबूर होंगे। उसने यह भी दावा किया कि युद्ध के बाद इंटरनेट, स्मार्टफोन और आधुनिक तकनीक लगभग खत्म हो चुकी होगी। अस्पताल नष्ट हो जाएंगे और लोग पुराने तरीकों से जीवन जीने लगेंगे। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कई यूजर्स ने चिंता जताई है, जबकि विशेषज्ञों ने इन दावों को वैज्ञानिक आधार से दूर बताया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तक समय यात्रा को लेकर कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है। हालांकि क्वांटम फिजिक्स में ऐसी कुछ थ्योरी जरूर मौजूद हैं, जो भविष्य में समय यात्रा की संभावनाओं पर चर्चा करती हैं। सुदामा/ईएमएस 01 जून 2026