क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


राज्यपाल मंगूभाई पटेल के जन्मदिवस पर रेडक्रॉस का सेवा अभियान, कैंसर हॉस्पिटल में मरीजों एवं परिजनों को भोजन, मास्क का वितरण विश्व दुग्ध दिवस पर मरीजों के परिजनो को बांटा गया अमूल छाछ भोपाल (ईएमएस) । मध्यप्रदेश के माननीय राज्यपाल एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री मंगूभाई पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, राज्य शाखा मध्यप्रदेश द्वारा सोमवार को कैंसर हॉस्पिटल, भोपाल में विशेष सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ को विभिन्न सेवाएं प्रदान कर मानव सेवा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके साथ आए परिजनों को भोजन वितरित किया गया। साथ ही संक्रमण से बचाव और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मास्क भी वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को भीषण गर्मी से बचाव, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, राज्य शाखा मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे आईएएस(से.नि.), जनरल सेक्रेटरी रामेंद्र सिंह, डॉ. दिनेश शर्मा (सेवा भारती, भोपाल), दिनेश पवार, दिनेश आर्य, डॉ. सत्येंद्र सिंह बघेल सहित रेडक्रॉस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनरल सेक्रेटरी रामेंद्र सिंह ने बताया कि माननीय राज्यपाल महोदय के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा गतिविधियों का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इसके अंतर्गत एम्स भोपाल, हमीदिया अस्पताल, कैंसर हॉस्पिटल एवं टी.बी. हॉस्पिटल सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में मास्क वितरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सजग रहने, मास्क का उपयोग करने तथा गर्मी के मौसम में आवश्यक सावधानियां अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 01 जून को विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (अमूल) के सहयोग से रेडक्रॉस चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के परिजनों एवं अस्पताल स्टाफ को निःशुल्क अमूल तड़का छाछ वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी में लोगों को ताजगी एवं राहत प्रदान करना था। उन्होंने बताया कि राज्यपाल महोदय के जन्मदिवस को ‘‘सेवा दिवस‘‘ के रूप में मनाते हुए प्रदेश की सभी जिला रेडक्रॉस इकाइयों द्वारा भी विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने इस अवसर पर समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं पीड़ित वर्गों की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी नागरिकों से मानव सेवा एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।