ग्वालियर ( ईएमएस ) | सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण अटेंड नहीं करने पर संबंधित अधिकारी का एक इंक्रीमेंट रोका जाएगा अथवा सात दिवस का वेतन काटा जाएगा और आज की स्थिति में जिनकी शिकायतें नोन अटेंड है उन सभी को नोटिस जारी करें। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त ] संघ प्रिय ने समय सीमा की बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। निगम मुख्यालय में आयोजित समय सीमा बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला, उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे, सुरेश अहिरवार, एसएल बाथम सहित अन्य सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निगमायुक्त श्री संघ प्रिय ने जल प्रदाय की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के समय पेयजल को लेकर सभी अधिकारी सतर्कता एवं सक्रियता से कार्य करें। इसके साथ ही शहर में जहां प्याऊ लगाये गए हैं यदि वह बंद है तो तत्काल संबंधित उपयंत्री को नोटिस जारी करें और सुनिश्चित करें कि सभी प्याऊ चालू रहें। उन्होंने कहा कि कहीं यदि उपयंत्री जल प्रदाय की लापरवाही के कारण पानी की समस्या हुई तो संबंधित पर कड़ी कार्यवाही की जावेगी। इसके साथ ही प्लंबर रजिस्ट्रेशन के कार्य में लापरवाही को लेकर कार्यपालन यंत्री श्री महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने का कि जहां आवश्यकता है वहां टेंकर से पानी सप्लाई करें तथा सभी नलकूप चालू हों यह संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। साथ ही कोई भी नवीन विद्युत कनेक्षन अपर आयुक्त या आयुक्त की अनुमति के बिना स्वीकृत नहीं किए जाऐं। निगमायुक्त ने कहा कि पेयजल एंव सीवर की शिकायतों का निराकरण समय सीमा में हो, इसके लिए सभी संबंधित कार्यपालन यंत्री एवं अधीक्षण यंत्री साप्ताहिक रिव्यू करें और समस्याओं का निराकरण करायें। उन्होंने कहा कि सहायक यंत्री यह देखें कि किस क्षेत्र से ज्यादा समस्या आ रही है और किस तरह की समस्या ज्यादा हैं उनका स्थाई हल निकालें। जनकार्य विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि 30 जून से पहले सभी 77 स्वीकृत सडकें बन जानी चाहिए। यदि कोई सड़क नहीं बनी तो संबंधित सहायक यंत्री और कार्यपालन यंत्री के खिलाफ कार्यवाही की जावेगी। इसके साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि टाइमलाइन और लोकेशन बतायें। इसके साथ ही जल भराव वाले स्थानों की समीक्षा करते हुए कहा कि जल भराव वाले स्थानों पर काम दिखना चाहिए। वहीं अवैध कॉलोनी को लेकर सिटी प्लानर को निर्देश दिए कि 10 जून तक अवैध कॉलोनी के प्रकरण बनाकर कार्यवाही करें। इसके साथ ही जर्जर भवनों के चिन्हांकन को लेकर निर्देश दिए कि जिन क्षेत्र में जर्जर भवन नहीं है वहां के क्षेत्राधिकारी से लिखित में प्रमाण पत्र लें तथा नालों पर अतिक्रमण की कार्यवाही को लेकर कहा कि अतिक्रमण के कारण यदि जल भराव होता है तो नालों से तत्काल अतिक्रमण हटा दें नहीं तो कार्यवाही के लिए तैयार रहें। वहीं शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए कार्य में लापरवाही पर भवन अधिकारी श्री राजीव सोनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संपत्ति कर वसूली एवं जीआईएस सर्वे को लेकर समीक्षा की तथा जीआईएस सर्वे का कार्य गंभीरता से करने के निर्देश कर संग्रहक एवं राजस्व निरीक्षक को दिए। उन्होंने कहा कि हर हाल में सितम्बर तक जीआईएस सर्वे का कार्य पूर्ण करना है। प्रति तीन दिन में इसकी समीक्षा कर रिपोर्ट दें। वहीं इस कार्य में लापरवाही करने वाले टीसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संपत्ति कर वसूली एवं नामांकन प्रकरण पर चर्चा कर संबंधित उपायुक्तों को साप्ताहिक रिव्यू करने के निर्देश दिए। ई ऑफिस को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि अब कोई भी नई फाइल हार्ड कॉपी में नहीं आनी चाहिए। जिसे भी ई ऑफिस का प्रशिक्षण लेना है वह कल 11 बजे बाल भवन आकर प्रशिक्षण लें। इसके साथ ही पौधारोपण एवं जल संचय अभियान को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।